लगातार आठवें साल मुकेश अंबानी सबसे अमीर भारतीय, इतनी है कुल संपत्ति


रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी लगातार आठवें साल सबसे अमीर भारतीयों की सूची में सबसे शीर्ष पर रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 3,80,700 करोड़ रुपये आंकी गई है। सोमवार को हुरुन इंडिया द्वारा जारी की गई लिस्ट के अनुसार, इस बार की सूची में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 953 हो गई है। 

दूसरे, तीसरे स्थान पर रहे ये शख्स


इस सूची के अनुसार लंदन स्थित एसपी हिंदुजा एवं उनका परिवार 1,86,500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। विप्रो के अजीम प्रेमजी अमीर भारतीयों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति 1,17,100 करोड़ रुपये रही है।
 

भारतीय अमीरों की सूची में आर्सेलर मित्तल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मी निवास मित्तल 1,07,300 करोड़ रुपये की संपति के साथ चौथे और 94,500 करोड़ रुपये की धन संपदा के साथ गौतम अडाणी पांचवें स्थान पर रहे हैं।

शीर्ष दस अमीर भारतीयों में 94,100 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ उदय कोटक छठे, 88,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ साइरस एस पूनावाला सातवें, 76,800 करोड़ रुपये के साथ साइरस पल्लोनजी मिस्त्री आठवें, 76,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शापोरजी पल्लोनजी नौवें और 71,500 करोड़ रुपये के साथ दिलीप सांघवी दसवें स्थान पर रहे हैं।

करोड़पतियों की संख्या में इजाफा


इस बार की सूची में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति वाले भारतीयों की संख्या 953 है। 2018 में यह संख्या 831 थी। वहीं डॉलर मूल्य में अरबपतियों की संख्या 141 से घटकर 138 रह गई है।

जीडीपी की 10 फीसदी संपत्ति


रिपोर्ट में कहा गया है कि देश के शीर्ष 25 अमीरों की कुल संपत्ति का मूल्य भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के दस फीसदी के बराबर है। वहीं 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति रखने वाले 953 अमीरों की कुल संपत्तियां देश के जीडीपी के 27 फीसदी के बराबर हैं।

आईआईएफएल वेल्थ हुरुन की सूची के अनुसार इस साल अमीरों की कुल संपत्ति में सामूहिक रूप से दो फीसदी का इजाफा हुआ है। हालांकि, औसत संपत्ति वृद्धि 11 फीसदी घटी है। सूची में शामिल 344 अमीरों की संपत्ति इस साल घटी है। वहीं 112 अमीर ऐसे रहे हैं जो 1,000 करोड़ रुपये के स्तर से पीछे रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार 246 यानी 26 फीसदी अमीर भारतीय मुंबई में रहते हैं। दिल्ली में 175 अमीरों का निवास है जबकि बेंगलुरु में 77 अमीर भारतीय रहते हैं।